उत्तर प्रदेश विधानसभा में हंगामा: स्पीकर सतीश महाना ने गुस्से में हेडफोन फेंका, अखिलेश यादव का तंज

उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई जब स्पीकर सतीश महाना गुस्से में आ गए और उन्होंने अपना हेडफोन टेबल पर फेंक दिया। इसके बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर तंज कसा है।
दरअसल, स्पीकर ने सवाल पूछने के लिए सपा विधायक कमाल अख्तर का नाम पुकारा था। उसी दौरान विपक्ष के कुछ विधायक हंगामा कर रहे थे। स्पीकर बार-बार उन्हें बैठने और शांति बनाए रखने की अपील कर रहे थे। इसी बीच सत्ता पक्ष के कुछ विधायक भी खड़े हो गए।
इस पर स्पीकर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि व्यवस्था बनाए रखना उनका काम है, न कि किसी और का। लेकिन जब शोर-शराबा जारी रहा तो उन्होंने बीजेपी विधायक केतकी सिंह का नाम लेकर कहा, “क्या अब आप लोग सदन चलाएंगे?” इतना कहते हुए वे गुस्से में अपना हेडफोन टेबल पर फेंक बैठे और सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए रोक दी।
इस पूरे घटनाक्रम पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा की हार की हताशा अब सड़क से लेकर सदन तक दिखाई दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जनता पूछ रही है कि अगला चुनाव भाजपाई आपस में ही लड़ेंगे क्या?”
बजट सत्र के दौरान हुई इस घटना ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।





