उन्नाव में दर्दनाक घटना: आर्थिक मदद न मिलने से युवक ने की आत्महत्या, अंतिम संस्कार के 7 घंटे बाद पत्नी ने बेटे को जन्म दिया

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक तनाव के चलते युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। हैरानी की बात यह है कि उसके अंतिम संस्कार के मात्र सात घंटे बाद पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गंगाघाट थाना क्षेत्र निवासी बेचेलाल की शादी इसी वर्ष लोधनहार गांव की काजल से हुई थी। शादी के एक महीने बाद काजल गर्भवती हो गई। डिलीवरी के खर्च के लिए बेचेलाल ने अपने पिता से आर्थिक मदद मांगी, लेकिन उन्होंने पैसे देने से इंकार कर दिया। इस बात से आहत होकर सोमवार शाम बेचेलाल घर से दूर एक बाग में गया और फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार शाम को अंतिम संस्कार किया गया। उसी दौरान काजल को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उन्होंने बेटे को जन्म दिया। पति की चिता की आग ठंडी होने से पहले ही बच्चे के रोने की आवाज गूंजी, जिससे परिवार और गांव के लोग स्तब्ध रह गए।
घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। काजल के मायके वालों का आरोप है कि बेचेलाल अपने पिता और बहनोई की प्रताड़ना से परेशान था। वहीं, बेचेलाल के पिता का कहना है कि बेटे पर ससुराल से आर्थिक दबाव था और बहू की मांगें बढ़ती जा रही थीं।
मामले ने पूरे गांव में संवेदनाओं का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।





