धमतरी में ट्रैफिक पुलिस की अनूठी पहल, मवेशियों के गले में लगाए गए रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्ट

धमतरी। सड़क हादसों को रोकने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए धमतरी ट्रैफिक पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। यातायात प्रभारी उनि. खेमराज साहू और उनकी टीम ने सड़क पर खड़े, बैठे या घूमने वाले आवारा मवेशियों के गले में रेडियम रिफ्लेक्टर बेल्ट पहनाने की शुरुआत की है।
इस बेल्ट की वजह से रात और अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी दूर से ही नजर आ जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं और जन-हानि को रोका जा सकेगा। यह बेल्ट वर्धमान स्थानकवासी जैन गुजराती संघ और पशुधन विकास विभाग द्वारा भेंट किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह कदम न सिर्फ हादसों को कम करेगा, बल्कि मानव जीवन और पशुधन दोनों की सुरक्षा में मददगार साबित होगा। इसे एक सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यातायात पुलिस की अपील:
रात के समय ओवरस्पीड से वाहन न चलाएँ।
वाहन चलाते समय अपर-डीपर लाइट का इस्तेमाल करें।
सड़क पर बैठे या खड़े मवेशियों को देखकर धैर्य और सावधानी से वाहन चलाएँ।





