स्कूल परिसर में घुसा अनियंत्रित लोडर, दीवार टूटने से मचा हड़कंप, सभी बच्चे सुरक्षित

मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक अनियंत्रित लोडर पिकअप वाहन स्कूल परिसर में घुस गया। घटना के समय स्कूल में लगभग 100 बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। वाहन के दीवार तोड़कर अंदर घुसने से अफरा-तफरी मच गई, हालांकि शिक्षकों की सूझबूझ से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्लीमनाबाद मुख्य बाजार स्थित रामलीला मंच के समीप पुराने भवन में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में दोपहर करीब एक बजे कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान लोडर पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 20 जेडएच 5443) अनियंत्रित होकर स्कूल के गेट की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया। टक्कर के कारण दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया और मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया।
अचानक हुई घटना से छात्र और शिक्षक दहशत में आ गए और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और बच्चों को बाहर निकालने में मदद करने लगे। मुख्य रास्ता बंद हो जाने के कारण शिक्षकों ने पीछे के रास्ते से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि वाहन दीवार गिरने के बाद रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि चालक घटना के बाद फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में स्कूल भवनों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई सरकारी और निजी स्कूल जर्जर भवनों में संचालित हो रहे हैं। कुछ दिन पूर्व विजयराघवगढ़ विकासखंड के बम्हनगवां में एक जर्जर दीवार गिरने से छात्र की मौत की घटना भी सामने आई थी। स्थानीय लोगों ने स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच की मांग की है।





