ऑनलाइन सट्टा खेलते दो युवक गिरफ्तार, बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर। आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए दो युवकों को सिविल लाइन पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस को खबर मिली थी कि इदगाह चौक और मध्य नगरी चौक इलाके में कुछ लोग आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दो युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम कमल लखवानी और जय नागवानी हैं। दोनों आरोपी सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, सट्टा की पर्चियां और मोबाइल में सट्टे से जुड़े स्क्रीनशॉट जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस तरह के अवैध गतिविधियों से दूर रहें और यदि कहीं सट्टा या जुए की जानकारी हो तो पुलिस को तुरंत सूचित करें।





