एसईसीएल की दो भूमिगत खदानों को मिली 5 स्टार रेटिंग, प्रदर्शन और सुरक्षा के लिए मिला सम्मान

बिलासपुर। कोयला मंत्रालय द्वारा जारी की गई स्टार रेटिंग सूची में एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की दो भूमिगत खदानों ने शानदार प्रदर्शन किया है। सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार यूजी खदान और खैरहा यूजी खदान को वर्ष 2023-24 के प्रदर्शन के आधार पर 5 स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है।

बंगवार खदान को 100 में से 95 अंक और खैरहा खदान को 91 अंक मिले हैं। यह रेटिंग खनन में उत्कृष्टता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी नवाचार को ध्यान में रखते हुए दी जाती है।

इसके अलावा, ओपनकास्ट श्रेणी में एसईसीएल की दीपका और कुसमुंडा समेत 5 खदानों को 4 स्टार रेटिंग मिली है, जिससे उनकी दक्षता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को मान्यता मिली है।

कुल मिलाकर एसईसीएल की 39 खदानों को 3 या उससे अधिक स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है।

कोयला मंत्रालय ने यह स्टार रेटिंग प्रणाली तकनीकी रूप से उन्नत, हरित, सुरक्षित और टिकाऊ खनन को बढ़ावा देने के लिए शुरू की है।

एसईसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने 5 स्टार रेटिंग को कंपनी की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह टीम की मेहनत और गुणवत्ता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का नतीजा है। कंपनी का लक्ष्य है कि भविष्य में और भी खदानों को 5 स्टार रेटिंग दिलाई जाए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button