बलरामपुर: पैंगोलिन की तस्करी करते दो तस्कर गिरफ्तार, 6 किलो स्केल बरामद

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ इलाके में वन विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। ये कार्रवाई अंबिकापुर रेंजर निखिल पैकरा के नेतृत्व में सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों की संयुक्त टीम ने मिलकर की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 6 किलो पैंगोलिन की स्केल बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए तस्करों के नाम लीलाराम कुजूर (36 वर्ष, निवासी कुसमी) और लवंग साय (38 वर्ष, निवासी करूंधा) हैं।
जांच में पता चला है कि यह तस्करी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकती है, जिसमें और भी लोग शामिल हैं। वन विभाग की टीमें अब बाकी तस्करों की तलाश कर रही हैं और इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पैंगोलिन दुनिया का सबसे ज्यादा तस्करी किया जाने वाला जानवर है। इसकी स्केल का इस्तेमाल पारंपरिक दवाओं और कलात्मक चीजों को बनाने में होता है, जिससे यह अवैध व्यापार का एक बड़ा हिस्सा बन चुका है।
वन विभाग ने कहा है कि इस गिरोह के बाकी सदस्यों पर भी जल्दी ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अगर कहीं भी इस तरह की गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें।





