पुलिस जांच के दौरान रायगढ़ में पकड़ाए दो पाकिस्तानी, गिरफ्तार करके भेजा जेल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना इलाके में पुलिस ने दो पाकिस्तानी नागरिकों पर कार्रवाई की है। इन दोनों भाई-बहन ने भारतीय नागरिकता प्राप्त किए बिना फर्जी तरीके से मतदाता परिचय पत्र (वोटर कार्ड) बनवाया था। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस बाहरी राज्यों से आए लोगों की जांच कर रही थी। इस दौरान जूटमिल थाना प्रभारी को सूचना मिली कि ग्राम कोडातराई में याकूब शेख के मकान में दो पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं। पुलिस ने तुरंत छानबीन शुरू की और पता चला कि ये दोनों भाई-बहन, अर्निश शेख (25) और इफ्तिखार शेख (29), पाकिस्तानी नागरिक हैं। इन दोनों ने भारत में नागरिकता प्राप्त किए बिना अवैध रूप से मतदाता कार्ड बनवाया था।
पुलिस ने गिरफ्तार करके भेजा जेल
पुलिस ने इन दोनों के पासपोर्ट और लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) को वैध पाया, लेकिन मतदाता परिचय पत्र फर्जी था। दोनों ने भारतीय निर्वाचन आयोग के फॉर्म में गलत जानकारी देकर ये कार्ड बनवाया था। इस पर पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ धारा 199, 200, 419, 467, 468, 34 के तहत अपराध दर्ज किया और उन्हें रिमांड में जेल भेज दिया है।





