UPSC में छत्तीसगढ़ के दो युवाओं की सफलता, दर्शना सिंह को 283वीं और डायमंड सिंह ध्रुव को 623वीं रैंक

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दो अभ्यर्थियों ने देश की प्रतिष्ठित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
एमसीबी जिले की रहने वाली दर्शना सिंह को 283वीं रैंक मिली है, जबकि धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक हासिल की है।
दर्शना सिंह का आईपीएस के लिए चयन
एमसीबी जिले की दर्शना सिंह ने UPSC में 283वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
दर्शना के पिता अरुण सिंह राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर की भाजपा पार्षद हैं।
दर्शना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद लगातार मेहनत और लगन से यूपीएससी की तैयारी की और अंततः अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया।
पहले से डीएसपी हैं डायमंड सिंह ध्रुव
वहीं धमतरी जिले के परसवानी गांव निवासी डायमंड सिंह ध्रुव वर्तमान में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास कर डीएसपी का पद हासिल किया था। अब UPSC में भी सफलता प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
जिले और प्रदेश में खुशी की लहर
दर्शना सिंह की सफलता पर जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एमसीबी जिले के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय मानी जा रही है कि यहां की बेटी देश की सर्वोच्च सेवाओं में शामिल होकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेगी।





