सूरजपुर में एक मंच पर दिखे टीएस सिंहदेव और भूपेश बघेल, FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन तेज

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव एक साथ नजर आए। दोनों नेता धरना स्थल से नगर पंचायत शिवनंदपुर की चुनावी सभा तक एक ही कार में पहुंचे। कार की स्टेयरिंग टीएस सिंहदेव ने संभाली, जबकि भूपेश बघेल बगल की सीट पर बैठे दिखाई दिए। इस दौरान दोनों नेताओं की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
टीएस बोले- हम हमेशा साथ हैं
मीडिया से बातचीत में टीएस सिंहदेव ने कहा कि वे और भूपेश बघेल हमेशा साथ हैं। उन्होंने कहा कि समय और जिम्मेदारियों के कारण हर वक्त साथ रहना संभव नहीं होता, लेकिन आपस में लगातार बातचीत होती रहती है।
विश्रामपुर में कांग्रेस का यह प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में आयोजित किया गया था। भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर नरेंद्र जैन के खिलाफ धमकी, गाली-गलौज और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कांग्रेस इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बता रही है।
भूपेश बघेल ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
धरना प्रदर्शन में शामिल हुए भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर थाना प्रभारी से गलती हुई है तो कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन सरकार ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर अब पूरे संभाग और प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना जांच के आर्म्स एक्ट लगाना गलत है और यदि धाराएं वापस नहीं ली गईं तो प्रदर्शन जारी रहेगा।
रातभर धरने पर डटे रहे कांग्रेसी नेता
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर रात तक विश्रामपुर थाने के सामने धरना जारी रखा। प्रदर्शन में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस का आरोप है कि नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के लिए यह मामला दर्ज किया गया है।
मामले की जांच के लिए कांग्रेस ने सात सदस्यीय कमेटी भी गठित की है। पार्टी ने मांग की है कि FIR वापस ली जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





