टीएस सिंहदेव का भाजपा पर हमला, आतंकवाद पर कड़ी कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा है। मुंगेली जिले के लोरमी में एक आदिवासी सभा में शामिल होने निकले सिंहदेव ने बिलासपुर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और प्रेस वार्ता में कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
सड़कों की हालत पर भाजपा को दिए सिर्फ 4 नंबर
सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ में खराब सड़कों को लेकर राज्य की भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सड़कें बदहाल हैं और सरकार ने सुधार के नाम पर सिर्फ दिखावा किया है। उन्होंने सरकार को सड़क सुधार कार्य के लिए 10 में से सिर्फ 4 अंक दिए।
आतंकी हमले पर तीखी प्रतिक्रिया
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर सिंहदेव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस हमले को अमानवीय, वीभत्स और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला देश की एकता और शांति को तोड़ने की साजिश है। अब वक्त आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ आर-पार की रणनीति बनाई जाए।
सिंहदेव ने कहा कि जैसे छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ टारगेट तय कर अभियान चलाया गया था, वैसे ही अब केंद्र सरकार को आतंकवाद के खिलाफ भी साफ रणनीति बनानी चाहिए। केवल बयानबाज़ी से काम नहीं चलेगा, अब ठोस और असरदार कदम उठाने की जरूरत है।
पूरा देश सेना और सरकार के साथ
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में पूरा देश, चाहे वह किसी भी राज्य या समाज से हो, सेना और सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है। ऐसे हमले हमारे हौसले को नहीं तोड़ सकते, बल्कि हमारी एकता और संकल्प को और मज़बूत करते हैं।
पाकिस्तान को ठहराया जिम्मेदार
सिंहदेव ने पाकिस्तान पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर वहां की जमीन से बार-बार आतंकवाद को बढ़ावा मिलता है, तो उसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिम्मेदार ठहराना चाहिए। भारत को अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी और सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि कोई दुश्मन देश दोबारा ऐसा दुस्साहस न कर सके।





