बीजापुर मुठभेड़: शहीद 3 DRG जवानों को सलामी, 18 नक्सलियों के ढेर होने का दावा

बीजापुर। जिले में पुलिस–नक्सली मुठभेड़ के बाद हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। बीजापुर और दंतेवाड़ा की सीमा पर मंगलवार को हुई इस बड़ी मुठभेड़ में 18 नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया गया है, जिसकी पुष्टि बस्तर IG पी सुंदरराज ने की है। पुलिस और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ देर रात तक चलती रही। फिलहाल इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है।
इस घटना में DRG के तीन जवान शहीद हो गए। बुधवार को न्यू पुलिस लाइन में शहीद जवानों को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी गई। कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक हो गया और सभी ने जवानों के बलिदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक विक्रम मंडावी, DIG बस्तर, IG पी सुंदरराज और SP बस्तर शामिल हुए। शहीद जवानों की पहचान प्रधान आरक्षक मोनू बड़डी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी के रूप में हुई है।
सलामी के बाद शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस ने उनके परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।





