दुबई भेजने के नाम पर 35 लाख की ठगी! ट्रेवल एजेंसी चलाने वाला दंपति फरार

बिलासपुर। जिले में एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक दंपति ने दुबई की यात्रा और नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10 लोगों से करीब 35 लाख रुपये हड़प लिए। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, कटघोरा निवासी वसीम अली और उसकी पत्नी तालापारा में टूर एंड ट्रेवल्स ऑफिस चलाते थे। उन्होंने साल 2023 में लोगों को दुबई में नौकरी और घूमने का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए उन्होंने नकली वीजा, पासपोर्ट और टिकट बुकिंग के फर्जी दस्तावेज भी दिखाए, जिससे लोग उनके झांसे में आ गए।
शुरुआत में दोनों कुछ समय तक ग्राहकों से संपर्क में रहे और कहा कि उनकी यात्रा की तैयारी चल रही है। लेकिन जैसे ही उन्होंने पैसे वसूल लिए, ऑफिस बंद कर फरार हो गए।
जब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी दंपति कुछ महीने पहले तालापारा से अपना सामान समेटकर कहीं और चले गए थे।
पुलिस आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि ठगी का शिकार ज्यादातर युवक-युवतियाँ हैं, जिन्हें दुबई में नौकरी और बेहतर जीवन का सपना दिखाया गया था।





