26 दिसंबर से ट्रेन यात्रा हो सकती है महंगी, लंबी दूरी के यात्रियों पर पड़ेगा असर

दिल्ली।रेल से सफर करने वालों के लिए एक अहम खबर है। अगर आप 26 दिसंबर या उसके बाद ट्रेन से लंबी दूरी की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट के लिए आपको पहले से थोड़ा ज्यादा पैसा देना पड़ सकता है। रेलवे ने किराए में बढ़ोतरी का फैसला किया है, जिसका असर खासतौर पर लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे ने साफ किया है कि इस फैसले का असर आम यात्रियों पर कम से कम पड़े, इसका ध्यान रखा गया है। साधारण श्रेणी (जनरल क्लास) में 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वालों के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। यानी कम दूरी का सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
हालांकि, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी और एसी कोच में यात्रा करने वालों को अब प्रति किलोमीटर 2 पैसे ज्यादा चुकाने होंगे। यह बढ़ोतरी छोटी लग सकती है, लेकिन लंबी दूरी की यात्रा में इसका असर साफ नजर आएगा। उदाहरण के तौर पर, 500 किलोमीटर की यात्रा पर अब टिकट करीब 10 रुपये महंगा हो जाएगा।
दिल्ली से पटना, मुंबई से कोलकाता जैसे लंबे रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों को यह फर्क ज्यादा महसूस होगा। रेलवे इसे सीधे “किराया बढ़ोतरी” न कहकर “किराया समायोजन” बता रहा है।
रेलवे के मुताबिक, इस फैसले से उसकी आमदनी बढ़ेगी और सालाना करीब 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने की उम्मीद है। इससे रेलवे के संचालन और रखरखाव से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद मिलेगी।





