सीपत में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचला, मौके पर ही मौत

बिलासपुर: सीपत थाना क्षेत्र के पंधी गांव के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शादी से लौट रहे मां-बेटे को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जांजी निवासी 28 वर्षीय हरीश सिंह अपनी 45 वर्षीय मां शकुन सिंह के साथ बिलासपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 9:15 बजे चारपारा मोहल्ले के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर दी, जिसके बाद सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। सीएसपी सिद्धार्थ बघेल भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्रेलर और चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।





