सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: बम एंड डॉग स्क्वॉड के चार जवानों की मौत, एक घायल

मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे 44 पर मालथौन और बांदरी के बीच तड़के हुए सड़क हादसे में मुरैना बम एंड डॉग स्क्वॉड के चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी जवान बालाघाट में ड्यूटी करने के बाद वापस लौट रहे थे।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब स्क्वॉड का वाहन एक ट्रक से आमने-सामने टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
मृत जवानों में प्रधुमन दीक्षित, अमन कौरव, ड्राइवर परमलाल तोमर और डॉग मास्टर विनोद शर्मा शामिल हैं। सभी का संबंध मुरैना और भिंड जिले से बताया जा रहा है। घायल जवान राजीव चौहान को सागर के बंसल अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली के गंगा राम अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है। हादसे में स्क्वॉड का डॉग सुरक्षित है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम बालाघाट में सुरक्षा जांच हेतु तैनात थी। ड्यूटी खत्म कर वापस लौटते समय उनका वाहन हाईवे पर ट्रक से टकरा गया। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है और पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है।





