दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप की भिड़ंत, 5 श्रद्धालुओं की मौत

दिल्ली। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बेरसिया इलाके में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में पवित्र स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने पिकअप वैन से टक्कर हो गई।
बेरसिया थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि हादसा देर रात हुआ, जब नर्मदापुरम की ओर जा रही पिकअप वैन तेज रफ्तार में थी। सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री उनमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व शवों को बाहर निकाला।
हादसे में वैन सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान मुकेश अहिरवार (40), बाबरी बाई (60), दीपक (14), लक्ष्मी बाई (60) और हरि बाई (60) के रूप में हुई है। सभी मृतक विदिशा जिले के सिरोंज के निवासी बताए जा रहे हैं।
दोनों वाहनों में सवार कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल के हमीदिया अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। मकर संक्रांति के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।





