तेज धूप में सिग्नल बना मुसीबत, बिलासपुर में लोग हो रहे परेशान

बिलासपुर में गर्मी ने अपना असली रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय जब सूरज सिर पर होता है और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच जाता है, तब शहर के मुख्य चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और ऑटो में बैठे यात्रियों को कड़ी धूप में लंबे समय तक रुकना पड़ता है। शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल की रेड लाइट का समय 100 से 120 सेकेंड तक का है, जिससे राहगीर पसीने से तरबतर हो रहे हैं।

पिछले साल गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने दोपहर 12 से 4 बजे तक सिग्नल बंद कर दिए थे और ट्रैफिक को मैन्युअली कंट्रोल किया गया था। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली थी। लेकिन इस बार अब तक ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया है। जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

राहगीरों की मांग – सिग्नल टाइम घटाया जाए

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को एक बार फिर गर्मी को देखते हुए कदम उठाने की जरूरत है। एक बाइक सवार ने बताया कि “हम हेलमेट पहनकर खड़े रहते हैं, ऊपर से तेज धूप। दो मिनट तक यूं खड़ा रहना बहुत मुश्किल हो जाता है।”

एक राहगीर ने सुझाव देते हुए कहा कि सिग्नल का समय 100 सेकेंड की बजाय 30 से 40 सेकेंड कर देना चाहिए, जिससे गर्मी में कुछ राहत मिल सके। लोगों की यही भी मांग है कि दोपहर 12 से 4 बजे तक सिग्नल को बंद कर मैन्युअली ट्रैफिक कंट्रोल किया जाए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button