तोरवा लूटकांड: पुलिस ने दो लुटेरों को किया गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में 9 मई की रात एक दंपती से चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने पकड़ लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम नबी अली उर्फ नब्बू और सरफराज खान हैं, जो चुचुहियापारा इलाके के रहने वाले हैं।
घटना रात करीब डेढ़ बजे की है जब रेड डायमंड होटल के रिसेप्शनिस्ट जितेन्द्र तांडी अपनी पत्नी के साथ रेलवे स्टेशन से घर लौट रहे थे। तोरवा ब्रिज के पास दो युवक उनके पास आए और उन्हें ऑटो में बैठाने का बहाना बनाया। दंपती के मना करने पर दोनों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह में ले जाकर चाकू दिखाकर उनका मोबाइल लूट लिया।
डर के कारण दंपती ने दो दिन तक किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन 11 मई को उन्होंने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा और पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनके पास से लूटा गया मोबाइल भी मिल गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ लूट, धमकी और हथियार दिखाने जैसी धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।





