राजिम कुंभ कल्प मेला का आज भव्य समापन

राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम कुंभ मेला का आज महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य समापन हो रहा है। यह मेला 12 फरवरी से शुरू हुआ था और आज 26 फरवरी को इसकी समाप्ति हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री विजय शर्मा, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
आज रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वर मंदिर में भगवान शिव का अर्धनारीश्वर रूप में शृंगार किया गया है। मंगलवार से ही भगवान शिव के विवाह की रस्में शुरू हो गई थीं, जिसमें हल्दी और मेहंदी की रस्में भी की गईं। आज शाम भगवान की शाही बारात निकाली जाएगी, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।
राजिम के त्रिवेणी संगम में श्रद्धालुओं ने तड़के सुबह स्नान किया और फिर श्री राजीव लोचन और कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद साधु-संतों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद शाही स्नान होगा। इस अवसर पर देशभर के महामंडलेश्वर और धर्मगुरु भी शामिल हो रहे हैं।
रायपुर के टिकरापारा में रुद्राष्टायायी का पाठ हुआ और महादेव का अभिषेक किया गया। कई शिव मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई और अखंड रामायण का पाठ भी किया जा रहा है। धमतरी में भगवान शिव की बारात भी निकाली गई, जिसे देखने के लिए लोग उमड़ पड़े। राजिम कुंभ मेला छत्तीसगढ़ की धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करता है।





