शीतलहर से राहत के लिए रायपुर में सार्वजनिक स्थलों पर रोज जलाए जा रहे अलाव

रायपुर शहर में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव से आमजन को राहत देने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा प्रतिदिन अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम के जोन कार्यालयों के माध्यम से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं, जिससे राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को त्वरित राहत मिल रही है।
नगर निगम प्रशासन के निर्देश पर जयस्तम्भ चौक, रेलवे स्टेशन के आसपास, मेकाहारा परिसर, पुराना बस स्टैंड पंडरी, महोबा बाजार हॉट बाजार, नेताजी सुभाष स्टेडियम परिसर, टाटीबंध चौक, शंकर नगर, अवंति विहार, तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव, अंतरराज्यीय बस स्टैंड भाठागांव सहित शहर के 30 से अधिक प्रमुख स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नरों और जोन स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा शीतलहर की पूरी अवधि के दौरान यह व्यवस्था लगातार जारी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि ठंड के कारण आम नागरिकों, विशेषकर रात के समय बाहर रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर निगम द्वारा प्रतिदिन अलाव जलाने की इस व्यवस्था से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए आगे भी यह व्यवस्था आवश्यकता अनुसार जारी रखी जाएगी, ताकि शीतलहर के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





