तिल्दा नेवरा: शराबी पति से परेशान होकर पत्नी ने रची हत्या की साजिश, पांच आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता में एक युवक की लहूलुहान हालत में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सांकरा निवासी लक्ष्मण उर्फ राजू भट्ट के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला।
पुलिस को जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी रोशनी शर्मा ने अपने पति की शराब की लत और झगड़ों से परेशान होकर उसकी हत्या की साजिश रची। इस साजिश में उसकी मां कुसुम शर्मा और बेटा ऋषि शर्मा भी शामिल थे।
रोशनी और कुसुम ने मध्यप्रदेश के कटनी से उमाशंकर शर्मा और मुकेश शर्मा को हत्या के लिए बुलाया। योजना के अनुसार, उमाशंकर और मुकेश ने राजू को शराब पिलाने के बहाने बेमता बुलाया और वहां चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने उसके चेहरे पर पत्थर मारा।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने मध्यप्रदेश से सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, पत्थर और एक बाइक भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी:
उमाशंकर उर्फ निक्की शर्मा (कटनी, म.प्र.)
मुकेश शर्मा (सिवनी, म.प्र.)
ऋषि शर्मा (मृतक का बेटा)
रोशनी शर्मा (मृतक की पत्नी)
कुसुम शर्मा (मृतक की सास)
इस हत्याकांड का खुलासा करने में तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी सत्येन्द्र सिंह श्याम, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश पांडेय और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।





