होली पर सरगुजा में कड़ी सुरक्षा, 600 जवान तैनात; मुखौटों और डीजे पर प्रतिबंध

होली पर्व को लेकर सरगुजा जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे जिले में राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 500 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सुरक्षा के तहत जिले में फिक्स पिकेट के साथ 28 पेट्रोलिंग पार्टी, 7 बाइक पेट्रोलिंग टीम और महिला गश्ती दल तैनात किए गए हैं। सोमवार शाम से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। देर शाम पुलिस अधिकारियों ने शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च कर लोगों को शांति और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हुड़दंग करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और तीन सवारी चलने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में मुखौटों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस ने दुकानों से करीब ढाई हजार मुखौटे जब्त किए हैं और लोगों से अपील की है कि वे मुखौटों का इस्तेमाल न करें, ताकि किसी भी तरह की अशांति की स्थिति न बने।
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति डीजे बजाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था होली के दौरान और भी बढ़ाई जाएगी।





