ऑपरेशन निश्चय के तहत खरोरा में अवैध शराब बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत खरोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अलग-अलग स्थानों से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भैंसा, अमसेना और खरोरा क्षेत्र के तीन व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी आरोपियों को शराब के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गणेश राम नारंग (59), खीरलाल ढीढी (39) और श्रवण कुमार सोनवानी (22) शामिल हैं।
जप्त शराब की मात्रा में गणेश राम नारंग से 18 पौवा शोले देशी मसाला शराब (3.240 बल्क लीटर), खीरलाल ढीढी से 62 पौवा (11.160 बल्क लीटर) और श्रवण कुमार सोनवानी से 40 पौवा (7.200 बल्क लीटर) बरामद किए गए। जब्त की गई शराब की कुल कीमत 12,000 रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई भी प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मौके पर ही गवाहों की मौजूदगी में जप्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।
आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई। इसके बाद तीनों को पृथक-पृथक न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब बिक्री, जुआ और अन्य अपराधों पर कड़ी निगरानी रखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सामाजिक शांति बनाए रखने और जिले में अवैध गतिविधियों को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। खरोरा पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आगामी दिनों में भी ऐसे अभियान तेज गति से जारी रहेंगे, ताकि अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और कानून व्यवस्था मजबूत हो सके।





