सीएम को जान से मारने की धमकी, गाजियाबाद से आरोपी गिरफ्तार; पुलिस की फर्जी आईडी आरोपी से जब्त

दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जान से मारने की धमकी देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी श्लोक त्रिपाठी को दिल्ली पुलिस की उत्तर-पश्चिम जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। गुरुवार देर रात गाजियाबाद पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक धमकी भरा कॉल आया, जिसमें आरोपी ने नशे की हालत में मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। आरोपी ने कॉल के बाद मोबाइल बंद कर दिया था, लेकिन तकनीकी मदद से उसका लोकेशन ट्रेस कर लिया गया। गाजियाबाद में एक ठिकाने से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि श्लोक त्रिपाठी कानून का छात्र (एलएलबी ग्रेजुएट) है और वैवाहिक जीवन से परेशान था। उसकी पत्नी ने हाल ही में उसे छोड़ दिया था, जिससे वह मानसिक तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, धमकी देने से पहले उसने एक कॉल में अपनी पत्नी से बात कराने की मांग की थी। पकड़े जाने पर उसके पास से फर्जी पुलिस पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं, जिससे संदेह है कि वह खुद को कानून प्रवर्तन कर्मी बताकर भ्रम फैलाना चाहता था। वर्तमान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और किसी संभावित विध्वंसकारी गतिविधि से संबंधों की जांच कर रही है। फर्जी पहचान पत्र मामले में भी अलग से जांच शुरू कर दी गई है।





