आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का खतरा: फर्जी लिंक से हो रही ठगी, परिवहन विभाग ने जारी की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधी परिवहन विभाग की वेबसाइट का नकली पेज बनाकर आम लोगों को ट्रैफिक नियम तोड़ने के नाम पर डराने वाले संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही लोगों की निजी जानकारी और बैंक खाते से पैसे निकाले जा रहे हैं।
परिवहन और यातायात विभाग के अधिकारियों ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि किसी भी अनजान मैसेज, लिंक, एपीके फाइल या निजी मोबाइल नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि ये पूरी तरह फर्जी हो सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान की वास्तविक जानकारी और भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। चालान भुगतान के लिए वेबसाइट पर “Pay Online” विकल्प चुनकर चालान नंबर और आवश्यक विवरण भरने के बाद ओटीपी के जरिए सत्यापन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत चालान से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
परिवहन विभाग का कहना है कि जब भी यातायात पुलिस या परिवहन विभाग द्वारा ई-चालान किया जाता है, उसकी सूचना केवल आधिकारिक प्रणाली के जरिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ही भेजी जाती है। किसी अन्य लिंक या कॉल के माध्यम से भुगतान की मांग नहीं की जाती।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान पूरी सावधानी बरतें और किसी अजनबी को भुगतान न करें। किसी भी फर्जी कॉल, संदेश या ऐप से जुड़ी जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।





