जगदलपुर में आज से एथलेटिक्स मुकाबले शुरू, 27 राज्यों के 443 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत एथलेटिक्स स्पर्धाओं की शुरुआत जगदलपुर में हो रही है। धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में देश के 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 443 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
एथलेटिक्स में कुल 17 इवेंट शामिल किए गए हैं, जिनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 10,000 मीटर दौड़, हर्डल्स, रिले रेस, लंबी कूद और ऊंची कूद प्रमुख हैं। पहले दिन डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और 110 मीटर हर्डल्स के फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे, जबकि शाम को 400 मीटर और रिले रेस के बाद विजेताओं को पदक प्रदान किए जाएंगे।
इस पूरे आयोजन में 102 पदकों के लिए मुकाबले होंगे। छत्तीसगढ़ के 33 खिलाड़ी भी इन स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने के लिए शहर के 13 होटलों में व्यवस्था की गई है। साथ ही आवागमन के लिए एसी वाहनों की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और फायर सेफ्टी के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पर्यटन विभाग की ओर से खिलाड़ियों और अधिकारियों को बस्तर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा, ताकि वे क्षेत्र की संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता से परिचित हो सकें।
यह आयोजन भारतीय खेल प्राधिकरण के मार्गदर्शन में हो रहा है, जिसका उद्देश्य जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना और बस्तर को खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में स्थापित करना है।





