Shri Devi’s fan : आज भी कुंवारा है श्री देवी का ये फैन, की थी तस्वीर से शादी, गम में करता है ऐसे काम

Shri Devi’s fan: फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी (Sridevi) के निधन को 7 साल बीत गए हैं,। सात साल पहले आज ही के दिन श्रीदेवी ने हमें अलविदा कह दिया था, लेकिन उनका नाम और उनका प्यार आज भी उनके फैंस के दिलों में जिन्दा है। और इस मौके पर हम आपको एक ऐसे फैन के बारे में बताएंगे, जिनकी श्रद्धांजलि वाकई में अनोखी और दिल को छूने वाली है।
हम बात कर रहे हैं मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के ददुनि गांव के ओपी मेहरा की। ओपी मेहरा, श्रीदेवी के ऐसे अडिग प्रशंसक हैं जिन्होंने 1986 में श्रीदेवी की तस्वीर से शादी कर ली थी और आज तक अविवाहित रहने का संकल्प लिया। ओपी मेहरा ने श्रीदेवी के निधन के बाद वही सारे संस्कार किए, जो एक पति अपनी पत्नी के लिए करता है।
श्रीदेवी के निधन की खबर सुनते ही ओपी मेहरा ने मुण्डन संस्कार करवाया, शोक सभा आयोजित की और तेरहवीं पर 151 कन्याओं का भोज कराया। इसके बाद से हर साल 24 फरवरी को ओपी मेहरा अपनी पत्नी के रूप में श्रीदेवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और पूरे गांव के लोगों को भोज कराते हैं।
इस दिन, ददुनि गांव में श्रीदेवी की पुण्यतिथि अब एक सामूहिक आयोजन बन चुकी है, जहां सभी लोग मिलकर श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लेते हैं और उनकी तस्वीर पर फूलमाला चढ़ाते हैं। ओपी मेहरा का मानना है कि श्रीदेवी उनके जीवन की ‘रूप की रानी’ थीं, और उन्होंने अपनी पत्नी के रूप में उन्हें हमेशा के लिए अपनाया।
इस अनोखी श्रद्धांजलि और निष्ठा के बावजूद, ओपी मेहरा को कभी-कभी अपने परिवार की नाराजगी का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उनका श्रीदेवी के प्रति प्यार और श्रद्धा किसी भी बाधा से ऊपर रहा।
श्रीदेवी की पुण्यतिथि पर ओपी मेहरा द्वारा आयोजित भोज और श्रद्धांजलि सभा में गांव के पुरुष, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में भाग लेते हैं। इस दिन ओपी मेहरा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि एक सच्चा फैन कभी भी समय और स्थान की सीमाओं से बंधा नहीं होता।





