गुरुद्वारे में चोरी करने वाले गिरफ्तार, चुराए पैसों से खरीदी थी कार

बिलासपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के वाल्मीकि गुरुद्वारे में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है।
चोरों ने रात के समय गुरुद्वारे का चैनल गेट और दरवाजे का ताला तोड़कर वहां रखी दान पेटी से नकदी और धार्मिक सामान चुरा लिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि चुराए गए पैसों से उन्होंने एक मारुति 800 कार भी खरीद ली थी।
पुलिस ने गुरुद्वारे के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। साथ ही मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ लिया गया। उनके पास से चोरी की गई कार, लोहे की रॉड और तीन कृपाण बरामद की गई हैं।
इस चोरी की शिकायत गुरुद्वारे से जुड़े हरप्रीत सिंह ने दर्ज कराई थी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ़्तार किया और आगे की जांच जारी है।





