थाने के करीब लगे बैंक एटीएम को चोर उखाड़कर ले गए, 11 लाख रुपए के कैश के साथ वारदात

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में माधव नगर थाना क्षेत्र के पास बैंक ऑफ महाराष्ट्र का एटीएम चोरी हो गया। यह वारदात रात दो बजे के लगभग हुई। अज्ञात चोरों ने एटीएम मशीन को रस्से के सहारे खींचकर लोडर वाहन में लाद लिया। घटना के समय मशीन में लगभग 11 लाख रुपए कैश मौजूद था।
पुलिस को घटना की जानकारी करीब आधे घंटे बाद मिली। इसके बाद एसपी, एडिशनल एसपी और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन चोर किस रास्ते से फरार हुए, इसका पता अभी नहीं चल सका है। बताया गया कि वारदात के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरे पर स्प्रे कर दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर बुलाए गए हैं। पुलिस अन्य जिलों में हुई ऐसी घटनाओं से भी संपर्क साध रही है और आरोपितों की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ा दी गई है।





