NEET Exam: नीट परीक्षा में अव्यवस्थाओं का अंबार, पार्किंग व्यवस्था से लेकर पानी का नहीं था इंतजाम

NEET Exam: बिलासपुर। बिलासपुर में रविवार को आयोजित नीट परीक्षा के दौरान प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्थाओं की तस्वीरें साफ तौर पर देखने को मिलीं। परीक्षा केंद्रों के बाहर न पार्किंग की व्यवस्था थी और न ही गर्मी से बेहाल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों के लिए पेयजल की सुविधा। अभ्यर्थी एडमिट कार्ड और किताबों से हवा कर खुद को राहत देने की कोशिश करते नजर आए, जबकि उनके साथ आए परिजन तपती धूप में प्यास से बेहाल रहे। पार्किंग की व्यवस्था न होने के चलते कई अभ्यर्थियों को सड़क किनारे ही वाहन खड़े करने पड़े, जिससे जाम की स्थिति बन गई।
सबसे अधिक बदइंतजामी रेल मंडल क्षेत्र सहित कुछ प्रमुख परीक्षा केंद्रों के बाहर देखने को मिली, जहां अफरा-तफरी और अव्यवस्था के बीच न तो ट्रैफिक कंट्रोल किया गया और न ही कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नजर आया। कुल मिलाकर प्रशासन की निष्क्रियता का खामियाजा उन परीक्षार्थियों को भुगतना पड़ा जो जीवन के सबसे अहम इम्तिहान में शामिल होने पहुंचे थे।





