देश में कोरोना के 2390 एक्टिव केस, अब तक 16 मौतें
केरल-महाराष्ट्र में 60% मामले, मैसूर में बुजुर्ग की मौत

दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव केस बढ़कर 2390 हो गए हैं। इनमें से 727 मामले केरल और 681 महाराष्ट्र से हैं। इन दो राज्यों में ही कुल मामलों के 60% मरीज हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में 84 नए केस सामने आए। कर्नाटक के मैसूर में शुक्रवार को एक 63 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना से मौत हो गई। यह राज्य में तीसरी मौत है। अब तक देशभर में कोरोना से 16 मौतें हो चुकी हैं। इनमें महाराष्ट्र, केरल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी मौतों की पुष्टि हुई है।
अहमदाबाद में नवजात संक्रमित, ICU में भर्ती
गुजरात के अहमदाबाद में एक दिन के नवजात की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिशु को ICU में रखा गया है। उसकी मां पहले कोरोना पॉजिटिव थी, लेकिन अब निगेटिव हो चुकी है।
मिजोरम और मेघालय में कोरोना की वापसी
मिजोरम में 7 महीने बाद दो नए केस सामने आए हैं। मरीजों का इलाज जोरम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मेघालय में भी दो संक्रमित मिले हैं। दोनों राज्यों में अक्टूबर 2024 के बाद अब दोबारा संक्रमण की पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र में 9 हजार से ज्यादा टेस्ट
महाराष्ट्र में जनवरी 2025 से अब तक 9592 कोविड टेस्ट किए जा चुके हैं। केवल शुक्रवार को ही 84 नए मरीज सामने आए। मुंबई में सबसे ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर में केरल से आए दो छात्र संक्रमित
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में पढ़ रहे केरल के दो छात्र संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले राज्य में लंबे समय से कोई नया केस नहीं मिला था।
IDSP की अपील: सतर्क रहें, घबराएं नहीं
स्वास्थ्य विभाग के इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (IDSP) ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। मास्क पहनें, भीड़भाड़ से बचें और हाथों की सफाई बनाए रखें।





