भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे दिन का खेल खत्म, भारत पहली पारी में 51/4, ऑस्ट्रेलिया से 394 रन पीछे

क्रिकेट। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन टेस्ट के तीसरे दिन का खेल जारी है। 44 रन के स्कोर पर भारत को चौथा झटका लगा। पिछले दौरे पर गाबा में ऐतिहासिक जीत दिलाने वाले ऋषभ पंत भी 9 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए। उनका विकेट ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस के खाते में आया। पंत के आउट होने के बाद केएल राहुल ने चौका जमाया लेकिन इसके एक गेंद बाद बारिश शुरू हो गई और फिर से खेल रोकना पड़ा। यह आज (सोमवार) चौथी बार है, जब बारिश के कारण मैच को रोकना पड़ा है। बारिश की वजह से खेल रुकने तक भारत ने पहली पारी में चार विकेट गंवाकर 48 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल (30) क्रीज पर हैं। राहुल का साथ देने के लिए कप्तान रोहित शर्मा उतरे हैं। मिचेल स्टार्क ने 2 और पैट कमिंस को अबतक एक सफलता मिली है। ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 445 रन पर खत्म हुई थी। इस लिहाज से भारत अभी भी 397 रन पीछे है। बारिश की वजह से खेल रोकने के बाद टी ब्रेक का ऐलान किया गया।
चौथी बार मैच रूकने से पहले भारत ने पहली पारी में 3 विकेट गंवाकर 39 रन बनाए। भारत की पहली पारी की शुरुआत खराब रही थी। यशस्वी जायसवाल पारी की दूसरी ही गेंद पर आउट हुए थे। तीसरे ओवर में भारत ने शुभमन गिल का विकेट भी गंवा दिया था। दोनों को मिचेल स्टार्क ने पवेलियन लौटाया। शुभमन 1 रन बना सके, जबकि यशस्वी ने 4 रन जोड़े। इसके बाद विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वो कुछ खास कर नहीं सके और 3 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जोश हेजलवुड ने आउट किया। ब्रिसबेन टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट पर 405 रन से आगे खेलना शुरू किया और 40 रन जोड़ने में आखिरी 3 बैटर्स आउट हो गए। एलेक्स कैरी ने फिफ्टी ठोकी। मिचेल स्टार्क को बुमराह ने तो नाथन लायन को सिराज ने आउट किया। वहीं, आकाश दीप ने कैरी को पवेलियन की राह दिखाई। स्टार्क ने 18 रन बनाए। बुमराह ने 6 विकेट हासिल किए। वहीं, सिराज को दो सफलताएं मिलीं। आकाश दीप और नीतीश को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले रविवार को ब्रिसबेन टेस्ट के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी विकेट के 28 रन से आगे खेलना शुरू किया था और दूसरे दिन के खेल में 377 रन बनाए और 7 विकेट गंवाए थे। बुमराह ने पहले सेशन में उस्मान ख्वाजा (21) और नाथन मैकस्वीनी (9) को आउट कर दो झटके दिए थे। इसके बाद नीतीश रेड्डी ने मार्नस लाबुशेन (12) को आउट किया था। इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने दूसरे सेशन में विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 242 रन की साझेदारी की। हेड ने इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक जमाया और उनके बाद स्मिथ ने भी 33वां शतक पूरा किया। हेड 152 रन और स्मिथ 101 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल मार्श ने भी 5 रन जोड़े। पैट कमिंस 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। उन्होंने 7वें विकेट के लिए एलेक्स कैरी के साथ 58 रन की पार्टनरशिप की थी।





