सतना में ठगों का कहर, महिला को सम्मोहित कर उड़ाए गहने

सतना जिले में ठगी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कोलगवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पार्क होटल के पास रविवार सुबह एक और मामला सामने आया, जिसमें एक वृद्ध महिला को सम्मोहित कर उसके गहने लूट लिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि शनिवार को भी शहर में इसी तरह की घटना हुई थी, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

घनश्याम विहार कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय आशा जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। तभी दो युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान महिला सम्मोहित हो गई और उसने अपनी सोने की चैन, दो अंगूठियां और कान के झुमके उतारकर उन्हें सौंप दिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

महिला की हालत अभी सामान्य नहीं है, इसलिए पुलिस ने उनका बयान दर्ज नहीं किया है। हालांकि पूरा घटनाक्रम स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि महिला खुद गहने उतारकर आरोपियों को सौंप रही है और फिर दोनों युवक आराम से वहां से निकल जाते हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। लेकिन लगातार दो दिनों में ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार को एसडीएम बंगले के पास नायब तहसीलदार की पत्नी से भी इसी तरह की ठगी हुई थी।

दिनदहाड़े हो रही इन घटनाओं से शहर के लोग सहमे हुए हैं। खासकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अजनबियों से अनावश्यक बातचीत न करें।

लगातार हो रही घटनाओं से साफ हो गया है कि कोई संगठित गिरोह सक्रिय है जो महिलाओं को ही निशाना बना रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी इस गिरोह तक पहुंच पाती है और आरोपियों को पकड़कर लोगों को राहत दिला पाती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई