ईद-उल-फितर का चांद नजर आया, लेकिन उठे विवाद के सवाल

ईद-उल-फितर:सऊदी अरब के हरमैन ने शुक्रवार रात ऐलान किया कि ईद-उल-फितर का चांद नजर आ गया है और रविवार, 31 मार्च को ईद मनाई जाएगी। इस ऐलान के बाद सऊदी अरब समेत कई मुस्लिम देशों में आज ईद मनाई जा रही है। हालांकि, इस बार भी चांद दिखने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
चांद दिखने पर वैज्ञानिक आपत्ति
ब्रिटेन स्थित न्यू क्रिसेंट सोसाइटी ने सऊदी अरब के इस ऐलान पर सवाल उठाते हुए कहा कि सूर्य ग्रहण की वजह से शव्वाल का अर्धचंद्र वैज्ञानिक रूप से देखा नहीं जा सकता। विशेषज्ञों के मुताबिक ग्रहण के तुरंत बाद नया चांद देखना लगभग असंभव होता है, जिससे सऊदी का दावा संदिग्ध हो गया। कई लोगों का मानना है कि ये ऐलान वास्तविक चांद दिखने पर नहीं, बल्कि उम्म अल-कुरा कैलेंडर के अनुसार किया गया।
ब्रिटेन में कब होगी ईद?
ब्रिटेन की न्यू क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, वहां रमजान का 29वां दिन रविवार, 30 मार्च को होगा। ब्रिटेन में चांद आसानी से दिखेगा, इसलिए वहां सोमवार, 31 मार्च को ईद मनाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर भी सऊदी अरब के चांद देखने के दावे को लेकर बहस छिड़ी हुई है। कई लोगों ने कहा कि जिस समय चांद दिखने का ऐलान किया गया, उस समय आसमान में बादल थे।
भारत में कब होगी ईद?
भारत में आमतौर पर सऊदी अरब से एक दिन बाद ईद मनाई जाती है। भारत में रविवार शाम को चांद देखने की कोशिश की जाएगी। अगर चांद नजर आता है, तो 31 मार्च को ईद मनाई जाएगी। हालांकि, अगर चांद नहीं दिखता है, तो ईद 1 अप्रैल को होगी।





