एटीएम उखाड़कर चोरी करने वाला गिरोह उत्तरप्रदेश का निकला

भिलाईनगर। 4 माह पूर्व ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थापित हिताची कंपनी के एटीएम मशीन को तोड़फोड़ कर उखाड़कर चोरी करने का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह उत्तरप्रदेश का निकला. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है. उनका थाना माधवनगर, जिला कटनी (म.प्र.), थाना बावना, जिला मेरठ (उ.प्र.) जीआरपी थाना मेरठ (उ.प्र.) में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण और थाना दोघाट (उ.प्र.) में अपराध दर्ज है.
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि 13 नवंबर 2025 की रात लगभग 2 बजे थाना नंदिनी नगर क्षेत्रांतर्गत ग्राम ननकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थापित हिताची कंपनी के एटीएम मशीन को अज्ञात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से तोड़फोड़ कर उखाड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया. घटना की सूचना पर प्रार्थी विनय कुमार (36 वर्ष) निवासी राजीव नगर सुपेला की रिपोर्ट पर मामले में धारा 331(3), 305(T), 62, 324(4), 3 ( 5 ) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह के रूप में कार्य करते हुए विभिन्न राज्यों में एटीएम मशीनों को निशाना बनाते हैं. आरोपियों द्वारा घटना से पूर्व रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार रेकी कर सुनसान एवं हाइवे के समीप स्थित एटीएम का चयन किया जाता था. आरोपियों ने ग्राम गनियारी से मेटाडोर चोरी कर घटना को अंजाम देने के लिए उपयोग किया गया. रस्सी एवं अन्य उपकरणों की सहायता से एटीएम मशीन को वाहन से बांधकर खींचकर उखाड़ने का प्रयास किया गया. घटना के दौरान आसपास के लोगों के जागने पर आरोपी मौके से फरार हो गए थे.





