नशे में पूर्व मंत्री के बेटे की दबंगई, कार से दुकान में घुसाई गाड़ी; विरोध करने पर दुकानदार से मारपीट, थाने से भी फरार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पूर्व गृहमंत्री के बेटे की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में उसने अपनी कार एक सेवई की दुकान में घुसा दी। जब दुकानदार ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप कंवर, जो पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर का बेटा है, नशे में कार चला रहा था। इतवारी बाजार के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर अजीन कुरैशी की सेवई, सुतफेनी और तंदूरी की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद दुकानदार ने जब आपत्ति जताई तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया।
घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से भी आरोपी ने विवाद किया और उसे भी गालियां दीं। बताया जा रहा है कि कार पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा हुआ था।
विवाद बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने पहुंचाया, लेकिन वहां भी उसका हंगामा जारी रहा। पुलिसकर्मियों के सामने ही उसने अपने पिता के रसूख की धौंस दिखाई और कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक आरोपी ने थाने में भी गाली-गलौज की और अचानक अपनी कार लेकर वहां से फरार हो गया। पुलिस के सामने से उसके भाग जाने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिस वाहन का जिक्र किया गया है उसकी पहचान की जा रही है और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





