तिरुपति मंदिर में भक्तों की भीड़ होगी एआई से मैनेज, कम समय में होंगे भगवान के दर्शन

तिरुमाला। तिरुपति मंदिर में बढ़ती भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लिया जाएगा। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तिरुमाला तिरुपति मंदिर में एक अत्याधुनिक एआई-इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (ICC) का उद्घाटन करेंगे।
यह पहल देश में अपने तरह की पहली मानी जा रही है। दावा है कि इससे मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन और तीर्थयात्री सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा। नया एआई सेंटर वैकुंठम-1 परिसर में स्थापित किया गया है। यहां विशाल डिजिटल स्क्रीन पर मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों से लाइव फीड दिखाई जाएगी, जिसकी निगरानी 25 से अधिक तकनीकी विशेषज्ञों की टीम करेगी।
एआई-संचालित कैमरे चेहरे की पहचान करने की क्षमता रखते हैं। ये कतार में खड़े तीर्थयात्रियों की संख्या और प्रतीक्षा समय का अनुमान लगाएंगे, जिससे अधिकारियों को भीड़ के प्रवाह को सही तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। इस तकनीक की मदद से श्रद्धालु अब कम समय में भगवान के दर्शन कर सकेंगे।
प्रणाली 3डी मानचित्र भी तैयार करेगी, जो जमीनी हालात का सटीक आकलन दिखाएगा और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान करेगा। यह चोरी या अन्य अप्रिय घटनाओं में शामिल लोगों की पहचान करने में भी मददगार साबित होगी।
साथ ही यह प्रणाली गुमशुदा व्यक्तियों को खोजने में सहायक होगी। अलीपिरी जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने से यात्रा की शुरुआत से ही तीर्थयात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस तकनीकी नवाचार से भक्तों का अनुभव और अधिक सहज और सुरक्षित बनेगा।





