छठ और लोकतंत्र का संगम: पटना में 21 हजार दीपों से सजा गंगा घाट

पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ और लोकतंत्र के पर्व मतदान को जोड़ते हुए पटना नगर निगम ने गुरुवार शाम जेपी सेतु घाट (घाट संख्या–93) पर भव्य दीपोत्सव और गंगा आरती का आयोजन किया। 21 हजार दीपों की रोशनी से सजा घाट श्रद्धा और जागरूकता का संगम बन गया। दीपों की पंक्तियों और गंगा आरती के मधुर स्वर ने वातावरण को भक्ति और एकता की भावना से भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, उप विकास आयुक्त समीर सौरभ और नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

अभय कुमार सिंह ने कहा कि छठ सिर्फ आस्था का पर्व नहीं, बल्कि अनुशासन, स्वच्छता और एकता का प्रतीक है। उसी तरह मतदान लोकतंत्र का पर्व है, जो नागरिक जिम्मेदारी और भागीदारी को दर्शाता है। नगर निगम ने दोनों पर्वों को जोड़कर स्वच्छता और मतदाता जागरूकता का जो संदेश दिया है, वह सराहनीय पहल है।

घाट पर ‘हर हर गंगे’ के जयकारों और वैदिक मंत्रों से पूरा परिसर गूंज उठा। दीपों की पंक्तियों ने गंगा तट को न केवल जगमगाया, बल्कि यह संदेश दिया कि “स्वच्छता सर्वोपरि है और मतदान करें, देश गढ़ें।”

प्रमंडलीय आयुक्त पराशर ने कहा कि दीपोत्सव जैसे आयोजन जन-भागीदारी को बढ़ाते हैं और समाज में जागरूकता का प्रकाश फैलाते हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मतदाता जागरूकता गीत, जिसने उपस्थित लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, स्वयंसेवक और निगमकर्मी शामिल हुए। नगर निगम ने बताया कि शहर के अन्य घाटों पर भी इसी तरह के दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई