एसआईआर प्रक्रिया पर सीएम सख्त: कहा– अपात्र बाहर हों, पात्र न छूटे; विधायक बूथवार करेंगे निगरानी

भोपाल। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा विधायक दल की बैठक में साफ कहा कि एसआईआर में अपात्र नाम हटें और कोई पात्र मतदाता न छूटे, इसके लिए विधायक अपनी टीम के साथ बूथ स्तर पर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ माह बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि आने वाले सभी चुनाव इसी मतदाता सूची के आधार पर होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वन नेशन, वन इलेक्शन व्यवस्था में भी यही सूची आधार बनेगी। इसलिए हर विधायक को पूरी सक्रियता के साथ एसआईआर में शामिल होना होगा।
हर साल होंगे चुनाव, इसलिए होगी कड़ी निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 में सहकारिता और कृषि मंडी चुनाव होंगे, 2027 में निकाय चुनाव और 2028 में विधानसभा चुनाव होंगे। यानी 2026 से लगातार हर साल चुनाव होंगे। ऐसे में एसआईआर प्रक्रिया को बूथ स्तर तक गंभीरता से पूरा करना जरूरी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में समन्वय बढ़ाने और संगठन की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
दो वर्षों में आठ लाख करोड़ के विकास कार्य
सीएम ने कहा कि प्रदेश में दो वर्षों में आठ लाख करोड़ के विकास कार्य हुए हैं, यह रोजगार और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने विधायकों से कहा कि अपने क्षेत्र के विकास संबंधी सुझाव सांसदों, पूर्व सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करें।
जिलों में जल्द बनेगी विभिन्न समितियां
सीएम ने बताया कि एल्डरमेन, जनभागीदारी और रोगी कल्याण समितियों की घोषणा जल्द की जाएगी। इसके लिए जिलों में संगठन और वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ने के निर्देश दिए।
विधायक जिला कार्यालयों में बैठकर सुनें समस्याएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मंत्रियों की तरह विधायक भी सप्ताह में एक दिन जिला कार्यालय में बैठें और कार्यकर्ताओं व जनता की समस्याएं सुनें। इससे संगठन में पारदर्शिता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी विधायक एसआईआर को प्राथमिकता दें और 2028 के विधानसभा चुनाव को चुनौती की तरह लें।
बूथ स्तर पर मतदाता सूची का गहन अवलोकन जरूरी
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बताया कि 16 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सूची का सावधानी से परीक्षण किया जाए। यदि किसी का नाम गलत जुड़ा है या छूटा है तो दावा–आपत्ति अवश्य लगाई जाए, ताकि सूची पूरी तरह शुद्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बिहार में भ्रम फैलाने की कोशिश की थी, लेकिन वे सफल नहीं हुए। भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि इसी मजबूती के साथ मध्य प्रदेश में एसआईआर को सफल बनाएँ।





