इंद्रावती नदी में डूबे युवक का तीन दिन बाद मिला शव, हादसे में दूसरा युवक बचाया गया

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले की इंद्रावती नदी में तीन दिन पहले डूबे युवक की लाश बरामद कर ली गई है। यह मामला बारसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। मृत युवक की पहचान 18 वर्षीय जग्गू लेकामी के रूप में हुई है, जो मंगनार गांव का निवासी था। उसका शव हादसे के स्थान से लगभग 4 किलोमीटर दूर चट्टानों के बीच फंसा मिला।
दरअसल, 8 जुलाई को जग्गू लेकामी और उसका साथी महेश ओयामी (15 वर्ष) नाव से बोधघाट बाजार गए थे। लौटते समय, इंद्रावती और गुड़रा नदियों के संगम स्थल पर तेज बहाव के कारण उनकी नाव पलट गई। दोनों युवक खुद ही नाव चला रहे थे क्योंकि इलाके में न तो कोई नाविक था और न ही मोटरबोट की सुविधा उपलब्ध है।
रेस्क्यू करके महेश को निकाला गया था
हादसे के दौरान महेश ओयामी चट्टानों के बीच फंस गया और वहीं खड़ा रहा, जिससे उसकी जान बच गई। जबकि जग्गू नदी के तेज बहाव में बह गया। जब रात तक दोनों युवक घर नहीं लौटे, तो परिजन उन्हें ढूंढने निकले। अगली सुबह महेश को चट्टान पर बैठा देख परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर महेश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
9 जुलाई से ही जग्गू की तलाश जारी थी। आखिरकार 11 जुलाई की शाम को उसका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर चट्टानों के बीच फंसा हुआ मिला। रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।





