चार दिन से लापता युवक का शव नदी से बरामद, घरवालों से नाराज होकर निकला था

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम गनियारी से चार दिन पहले लापता हुए युवक यतेंद्र गुप्ता (37) का शव रविवार को देवरीखुर्द स्थित स्टापडेम के पास मिला। आसपास के लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया। रविवार को पीएम (पोस्टमार्टम) नहीं होने के कारण शव चीरघर में रखवाया गया है। पुलिस स्वजन से पूछताछ कर रही है, जिससे युवक के घर से निकलने और पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण का पता चलेगा।
यतेंद्र गुप्ता गनियारी में ही कंप्यूटर सेंटर चलाते थे। गुरुवार को वे बिना किसी को बताए घर से बाहर चले गए और रात भर घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने शुक्रवार को उनकी खोजबीन शुरू की और कोटा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के अनुसार उनका अंतिम पता सरकंडा क्षेत्र में मिला। इसके आधार पर पुलिस और परिवार वालों ने वहां तलाश की।
रविवार की सुबह देवरीखुर्द स्टापडेम के पास लोगों ने एक युवक का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। शव के पास मिले आधार कार्ड से पुष्टि हुई कि यह यतेंद्र गुप्ता ही थे। उनके परिजनों को बुलाकर युवक की पहचान कराई गई। युवक के शव को इस समय चीरघर में रखा गया है। सोमवार को पीएम कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक के घर से अचानक निकलने और उसकी मौत के पीछे क्या कारण हैं।





