25 साल बाद बदलेगा विधानसभा भवन का पता, शीतकालीन सत्र लगेगा नया रायपुर में

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई 2025 से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें होंगी। यह सत्र मौजूदा बरौंदा स्थित विधानसभा भवन का अंतिम सत्र होगा। दिसंबर में होने वाला शीतकालीन सत्र नवा रायपुर के नए विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक बदलाव से विधानसभा की कार्यप्रणाली में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर में होने वाले राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर स्थित नए भवन का उद्घाटन करेंगे। नए भवन का 95% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे सितंबर तक पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा। नया भवन 51 एकड़ में फैला है और इसमें 200 विधायकों की बैठक व्यवस्था की गई है। इसमें विधानसभा सचिवालय, सदन और सेंट्रल हॉल प्रमुख विंग के रूप में शामिल हैं। मौजूदा विधानसभा भवन रायपुर-बलौदाबाजार रोड स्थित बरौंदा गांव में 55 एकड़ क्षेत्र में स्थित है, जहां 14 दिसंबर 2001 से विधानसभा का संचालन हो रहा था।
मानसून सत्र में कांग्रेस गिनाएगी खामियां
इस मानसून सत्र में विपक्ष खासकर किसानों की समस्याएं और खाद संकट जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरेगा। कांग्रेस, भाजपा सरकार के 17 महीने के कार्यकाल की नाकामियों और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाएगी।
वहीं सरकार विपक्ष के हर सवाल का आंकड़ों के साथ जवाब देने के लिए तैयार है। सत्र के दौरान हंगामेदार बहस होने के आसार हैं। विधानसभा का कामकाज अब लगभग पूरी तरह ऑनलाइन हो चुका है। 95% सवाल ऑनलाइन माध्यम से लिए जा रहे हैं, जिससे विधायकों की सक्रियता भी बढ़ी है।





