गांजा तस्करी कराने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ाया..

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में फरार आरोपी संदीप वर्मा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा तस्करी कर बिलासपुर लाने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले पुलिस ने उनके साथी विकास वर्मा को गिरफ्तार कर 10 किलो 700 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया था।
संदीप वर्मा है मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस की जांच में सामने आया कि संदीप वर्मा ही मुख्य साजिशकर्ता था और वह नाबालिग को तस्करी के लिए मजदूरी देकर इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी संदीप वर्मा अपने घर ग्राम गनियारी में छिपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
लंबे समय से था गांजा तस्करी में लिप्त
पूछताछ के दौरान संदीप वर्मा ने कबूल किया कि वह लंबे समय से गांजा तस्करी में लिप्त था और नाबालिगों को भी इस अवैध काम में शामिल करता था। पुलिस ने आरोपी संदीप वर्मा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया है।





