आतंकी कनेक्शन की आशंका; NIA ने की छापेमारी, मस्जिद के पास मचा हडकंप

भागलपुर। बिहार के भागलपुर के भीखनपुर में बुधवार को एनआईए ने ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। एनआईए की टीम ने नजरे सद्दाम के घर पर छापेमारी की, जो देशविरोधी ताकतों से जुड़ा हो सकता है।
एनआईए की टीम ने नजरे सद्दाम के घर से जाली नोटों के काले कारोबार से जुड़े कुछ दस्तावेज और विस्फोटकों से संबंधित जानकारियां बरामद की हैं। इसके बाद एनआईए को पाकिस्तानी एजेंटों और कश्मीर में सक्रिय देशविरोधी संगठनों से जुड़ी जानकारी भी मिली है। हालांकि, एनआईए के अधिकारियों ने इस बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है।
पहले भी हुई थी गिरफ्तारी
5 सितंबर 2024 को नजरे सद्दाम को मोतिहारी पुलिस ने जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया था। उसके पास से 1 लाख 95 हजार रुपये के जाली नोट मिले थे। उसके बाद कश्मीर में भी आतंकियों से जुड़ी गतिविधियों का पता चला था। नजरे सद्दाम ने जाली नोटों की सप्लाई नेपाल के भोरे गांव से पाकिस्तानी एजेंटों के सहयोग से की थी। वह इन नोटों को बॉर्डर पार कर कश्मीर के अनंतनाग में भेजता था, जहां यह आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल होते थे।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
एनआईए की छापेमारी के बाद भागलपुर में पुलिस और एनआईए की टीम ने इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी हृदय कांत ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा था। इस दौरान इलाके में कड़ी सुरक्षा और चौकसी देखी गई। एनआईए की छापेमारी को लेकर इलाके में अफवाहों का दौर भी चल पड़ा है, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की है।





