चोरों का आतंक: गमी में गए परिवार के सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों की चोरी

बिलासपुर (सिरगिट्टी)। शहर में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा यदुनंदन नगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली।
जानकारी के मुताबिक, तिफरा निवासी राजेन्द्र मेश्राम के घर हाल ही में गमी हुई थी। परिवार के सभी सदस्य रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने खाली मकान का फायदा उठाया और घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोर अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। जब परिवार वाले वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए।
इस घटना के बाद मोहल्ले में डर और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी, चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस इन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई आरोपी गिरफ्त में नहीं आया है। पीड़ित परिवार पहले ही शोक में डूबा था, अब इस चोरी की घटना ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।





