तेंदुए की खाल की तस्करी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के 9 सदस्य गिरफ्तार

वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की गई हैं।
वन अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर टीम ने संदिग्धों को पकड़ा। बसंतपुर थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई, जहां उनके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई।
पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक और खाल जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और लंबे समय से वन्यजीव तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।





