तेंदूपत्ता बोनस घोटाला: हाईकोर्ट से 7 आरोपियों को जमानत

जगदलपुर। सुकमा जिले के चर्चित तेंदूपत्ता बोनस घोटाला मामले में हाईकोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए जेल में बंद 7 आरोपियों को जमानत दे दी। इनमें सुकमा के तत्कालीन डीएफओ अशोक पटेल, चार वन समिति प्रबंधक और दो पोषक अधिकारी शामिल हैं।
जिन्हें जमानत मिली है उनमें डीएफओ अशोक पटेल, वन समिति प्रबंधक राजशेखर पुराणिक, रवि गुप्ता, मोहम्मद शरीफ, आयतु कोरसा और पोषक अधिकारी देवनाथ भारद्वाज तथा चैतुराम बघेल शामिल हैं।
यह मामला वर्ष 2021 और 2022 के तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन से जुड़ा है। उस समय 67,732 आदिवासी परिवारों को बोनस मिलना था, लेकिन करोड़ों रुपये उन तक नहीं पहुंचे। जांच में सामने आया कि करीब 6.50 करोड़ रुपये का गबन किया गया।
ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की जांच में पुष्टि हुई कि बोनस वितरण खाते से रकम निकालकर फर्जी भुगतान और हेराफेरी की गई। इस मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें से 7 को अब जमानत मिल गई है।





