चैत्र नवरात्र पर डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का अस्थायी ठहराव, लोकल ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन चलेगी

चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू होने जा रहा है। नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रोकने का निर्णय लिया है।

यह व्यवस्था 19 मार्च से 27 मार्च तक लागू रहेगी। इसके अलावा कुछ लोकल ट्रेनों के रूट का विस्तार किया गया है और डोंगरगढ़ से दुर्ग के बीच एक मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।

रेलवे के अनुसार 68742/68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर को रायपुर तक विस्तारित किया गया है। वहीं 68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर का विस्तार गोंदिया तक किया जा रहा है। इसके साथ ही 06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी संचालित की जाएगी।

नवरात्र के दौरान डोंगरगढ़ में लगने वाले मेले को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए पदयात्रियों के लिए रास्ते में ओआरएस घोल, प्राथमिक उपचार और दवाइयों की व्यवस्था की गई है। पैदल आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सेवा पंडाल लगाए जाएंगे, जहां उन्हें आराम, पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की सुविधा मिलेगी।

मेला स्थल और मंदिर परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल और बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने को कहा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग को खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता जांचने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर संकेतक और अस्थायी स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रहेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई