छत्तीसगढ़ में चढ़ा पारा, रायपुर में तापमान 33 डिग्री के करीब; अगले सप्ताह भी मौसम शुष्क रहने के आसार

छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है और ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होता दिखाई दे रहा है। दिन के समय गर्मी महसूस की जा रही है, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड बनी हुई है। पिछले चार से पांच दिनों में राज्य के औसत तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में फिलहाल बारिश की कोई गतिविधि नहीं है और अगले सात दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर और पेंड्रा में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। इससे दिन में धूप तेज और गर्मी अधिक महसूस हो रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है।

बीते दिनों पड़ी कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ा है। रायपुर के अंबेडकर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों में पिछले एक महीने में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है, जिससे उनमें हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ जाता है।

हाइपोथर्मिया एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। ऐसी स्थिति में शरीर के महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि ठंडी हवा या पानी के संपर्क में आने पर शरीर तेजी से अपनी गर्मी खोता है, जिससे जोखिम बढ़ जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि तापमान में उतार-चढ़ाव के दौरान सतर्क रहें। बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। साथ ही विटामिन-सी युक्त आहार, अदरक-तुलसी की चाय और संतुलित भोजन लेने की सलाह दी गई है, ताकि सर्दी-खांसी और वायरल संक्रमण से बचाव किया जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई